Bilaspur Suicide: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बृहस्पति बाजार स्थित चंद्रा पार्क में रहने वाले डॉक्टर दंपती के 19 वर्षीय बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय माता-पिता घर पर नहीं थे। छठ पर्व की तैयारी के लिए बाहर गए डॉक्टर दंपती जब रात में घर लौटे, तो उन्होंने अपने बेटे का शव फंदे पर लटका देखा।

मृतक की पहचान आयुष्मान तिवारी (Ayushman Tiwari Suicide) के रूप में हुई है। वह डॉ. आशुतोष तिवारी और डॉ. आरती पांडेय का बेटा था। दोनों पति-पत्नी सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) में पदस्थ हैं। रविवार शाम दोनों छठ पूजा की तैयारी के लिए खरीदारी करने घर से बाहर गए थे, जबकि उनका बेटा घर पर अकेला था।

घर लौटे तो कमरे में दिखा दर्दनाक नजारा
रात करीब 10:30 बजे जब डॉक्टर दंपती घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि आयुष्मान कमरे में पंखे से लटका हुआ है। रस्सी का आधा हिस्सा पंखे से और आधा उसके गले में बंधा था। बेटे को इस हालत में देखकर माता-पिता बदहवास हो गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मानसिक बीमारी से था पीड़ित
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत राम साहू ने बताया कि आयुष्मान मानसिक बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज भी चल रहा था। प्राथमिक जांच में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
