बलरामपुर: CG Breaking: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रघुनाथनगर स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में पीलिया (Swami Atmanand School Jaundice) का प्रकोप गहराता जा रहा है। शनिवार को सातवीं कक्षा की एक छात्रा की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। इससे पहले भी स्कूल के कई बच्चों के बीमार होने की सूचना सामने आई थी, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के कारण हालात गंभीर हो गए हैं।

दूषित पानी से फैला संक्रमण
जानकारी के अनुसार, स्कूल में गंदे और दूषित पानी के सेवन से दर्जनों छात्र पीलिया की चपेट में आ गए थे। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन को पहले ही चेताया था, मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि अब एक बच्ची की जान चली गई और कई अन्य बच्चे बीमार हैं।

परिजनों ने स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक छात्रा के परिजनों ने कहा कि घटना को एक महीना बीत गया, फिर भी न तो पानी की गुणवत्ता सुधारी गई और न ही बीमार छात्रों के इलाज की समुचित व्यवस्था की गई। उनका कहना है कि, अगर समय रहते प्रशासन हरकत में आता, तो यह हादसा नहीं होता।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दी जांच के आदेश
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी रायमुनि यादव ने कहा- मुझे पदभार संभाले ज्यादा दिन नहीं हुए हैं। सोमवार को स्वयं स्कूल जाकर पूरे मामले की जांच करूंगा। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
