CG News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में फूड पॉइजनिंग की घटना से हड़कंप मच गया है। ओड़गी जनपद के भांडी ग्राम पंचायत में अचानक उल्टी-दस्त के मामलों में तेजी आने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई ग्रामीण बीमार हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े आज अस्पताल पहुंचीं और बीमार मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अधिकारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए।

गांव में लगाया गया विशेष स्वास्थ्य कैंप
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मृतक महिलाएं भांडी गांव के पनिका पारा की रहने वाली थीं। परिवार में कई दिनों से उल्टी-दस्त की शिकायत थी। हालत बिगड़ने पर दोनों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने गांव में मेडिकल टीम भेजी और 11 बीमार लोगों का इलाज शुरू किया। इनमें से छह मरीजों को भैयाथान अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी की हालत में सुधार है।

इस बीच आज महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने मरीजों से मिलकर हालचाल जाना और प्रभावित महिला के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से बातचीत कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने और पानी व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
