Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बेलतरा क्षेत्र के नेवसा स्थित सीता देवी स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
छात्रा के परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की प्रताड़ना के चलते उसने यह कदम उठाया। उनका आरोप है कि स्कूल की प्रिंसिपल और एक शिक्षक बच्ची के साथ अक्सर कठोर और अपमानजनक व्यवहार करते थे।

कक्षा में पिटाई से आहत हुई थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले संबंधित शिक्षक ने कक्षा में सबके सामने छात्रा को बाल पकड़कर घसीटा और डंडे से पीटा था। इस घटना से बच्ची मानसिक रूप से बेहद आहत थी। परिजनों ने बताया कि छात्रा के शरीर पर चोटों के निशान भी दिखाई दे रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से पड़ताल की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
