Jashpur Murder Suicide: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गोठान में एक युवक और युवती की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना से एक दिन पहले ही युवती अपने घर से लापता हुई थी, जिसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। अगले ही दिन युवती का शव गांव के एक पेड़ के नीचे मिला, जबकि उसी पेड़ पर युवक का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था।
पहले हत्या फिर आत्महत्या (Jashpur Love Couple Suicide)
पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले प्रेमिका की हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
ऐसे हुआ खुलासा
मृतक युवती के पिता ने 17 सितंबर को चौकी कोल्हेनझरिया में सूचना दी थी कि 16 सितंबर की रात लगभग 8 बजे उसकी बेटी संतिला पैंकरा (Santila Paikra Murder Jashpur) खाना खाने के बाद घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने माटीपहाड़ छर्रा के गोठान के पास एक पेड़ के नीचे संतिला पैंकरा का शव पड़ा देखा। वहीं, उसी पेड़ की डाल पर एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला।
पहले देखिए इन तस्वीरों को…





घटना स्थल पर पहुंची पुलिस
मामला तुमला थाना क्षेत्र के माटीपहाड़ छर्रा गांव का है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि गोठान में युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ था, जबकि युवती का शव नीचे पड़ा था। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोशल मीडिया पर किए कई पोस्ट
TI नेताम ने बताया कि मृतक की पहचान कांसाबेल थाना क्षेत्र के टांगरगांव के निवासी चुरामनी साय पैंकरा (Churamani Say Pankra Suicide) और मृतिका तुमला थाना क्षेत्र के माटीपहाड़ छर्रा गांव की निवासी संतिला पैंकरा के रूप में हुई है। इस प्रेमी जोड़े ने अपने अपने इंटरनेट मिडिया एकाउन्ट में अपने प्रेम का इजहार करते हुए कई पोस्ट किये हैं।
थाना प्रभारी कोमल नेताम ने बताया कि चुरामनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रेम संबंध से जुड़ी कई पोस्ट की थीं। पहले कुछ पोस्ट में उसने प्रेमिका को छीन लिए जाने की आशंका जताई। एक पोस्ट में लिखा कि “मेरी मौत होगी आज”। अंतिम पोस्ट में लिखा- “सब छीनना चाहते थे मेरी प्रेमिका को, आज मैंने सबसे छीन लिया हम दोनों को।”
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच शुरू की है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। इस घटना से गांव और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है।
