PM Kisan Samman Nidhi Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब छत्तीसगढ़ में यदि एक ही भूमि खाता में कई किसान परिवार दर्ज हैं, तो भी प्रत्येक पात्र परिवार को अलग-अलग 6 हजार वार्षिक वित्तीय सहायता मिलेगी।
परिवार के आधार पर मिलेगा लाभ (PM Kisan new rules)
योजना की पात्रता शर्तों के तहत ‘किसान परिवार’ का अर्थ पति-पत्नी और अवयस्क बच्चों से है। यदि एक ही खाता कई परिवारों के नाम पर है, तो सहायता राशि खाता संख्या से नहीं बल्कि परिवार इकाई के आधार पर दी जाएगी। इसका मतलब है कि एक ही भूमि खाते को साझा करने वाले अलग-अलग परिवारों को भी स्वतंत्र रूप से लाभ प्राप्त होगा।

सालाना 6000 तीन किस्तों में (CG Farmers Benefit 6000)
इस योजना का शुभारंभ भारत सरकार ने वर्ष 2019 में छोटे और सीमांत किसानों को वित्तीय मदद देने के लिए किया था। किसानों को हर साल तीन किस्तों में 2-2 हजार करके कुल 6 हजार दिए जाते हैं। फरवरी 2025 में छत्तीसगढ़ में 20वीं किस्त के रूप में 25.47 लाख किसानों को 553.34 करोड़ की राशि उनके खातों में अंतरित की गई।

इनको नहीं मिलेगा लाभ (PM Kisan Scheme Update)
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Chhattisgarh) का लाभ सभी किसानों को नहीं मिलता। सरकार ने कुछ श्रेणियों को इस योजना से बाहर रखा है। इनमें सभी संस्थागत भूमि धारक, संवैधानिक पदों के पूर्व और वर्तमान धारक, सांसद, विधायक, मंत्री, महापौर और जिला पंचायत अध्यक्ष शामिल हैं। केंद्र और राज्य सरकार के मंत्रालयों व विभागों के अधिकारी-कर्मचारी (चतुर्थ श्रेणी को छोड़कर) तथा 10,000 रुपये या उससे अधिक पेंशन पाने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी भी योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं है। इसके अलावा आयकरदाता परिवार भी इस योजना के दायरे से बाहर है। योजना का उद्देश्य है कि केवल वास्तविक छोटे और मध्यम किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा सके।
