Bilaspur News: बिलासपुर जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद एक महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह घटना 24 अगस्त की बताई जा रही है।
झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से महिला की मौत (Bilaspur woman death quack doctor treatment)
मृतका का नाम शिखा गुप्ता बताया गया है। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2-3 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार वाले उन्हें नजदीकी डॉक्टर श्याम पटेल के क्लिनिक ले गए।

डॉक्टर ने ब्लड टेस्ट करने के बाद टाइफाइड होने की बात कही और 3 से 5 दिन की दवा दे दी। परिजनों का आरोप है कि दवा देने के बावजूद शिखा की हालत में सुधार नहीं हुआ।
50 हजार रुपये लेने का आरोप
परिवार ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर ने इलाज के नाम पर 50 हजार रुपये भी ले लिए, लेकिन सही इलाज नहीं किया। लगातार बिगड़ती तबीयत के बाद महिला की मौत हो गई।

कलेक्टर से शिकायत, कार्रवाई की मांग
मृतका के परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से की है। उनका कहना है कि झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से उनकी बहन की जान गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषी डॉक्टर पर कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

