Surajpur News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में आबकारी आरक्षक परीक्षा (Excise Constable Exam 2025) के दौरान हिंदू परीक्षार्थियों के हाथों से कलावा काटने (Kalawa Cut) और उसे जूते-चप्पल में फेंकने का मामला तूल पकड़ गया है। हिंदू संगठनों की शिकायत पर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

यह घटना 27 जून को हुई जब व्यापमं (Vyapam Exam 2025) द्वारा आयोजित परीक्षा में कुछ परीक्षार्थियों ने शिकायत की। केन्द्राध्यक्ष अन्नु दुबे के साथ आरक्षक घनश्याम सिंह, रामेश्वर देवांगन पर कलावा काटने और जूते में फेंकने का आरोप लगाते हुए उनके तत्काल निलंबन की मांग की है। इसके साथ 72 घण्टे के भीतर निलंबन की कार्रवाई नहीं होने पर विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल व अन्य हिन्दू संगठनों ने चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी थी।
इस शिकायत पर कलेक्टर एस जयवर्धन ने चार सदस्यीय जांच दल गठित किया है, जिसमें सूरजपुर एसडीएम को अध्यक्ष और नोडल अधिकारी, (परीक्षा) डिप्टी कलेक्टर सूरजपुर, थाना प्रभारी कोतवाली सूरजपुर और प्राचार्य समन्वयक शासकीय रेवती रमण मिश्र महाविद्यालय को सदस्य नियुक्त किया गया है।
