CG Breaking: होटल में ठहरी महिला डॉक्टर से दुष्कर्म की कोशिश, सफाईकर्मी हिरासत में

कोरबा : छत्तीसगढ़ की ऊर्जाधानी कोरबा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एसपी कार्यालय के सामने स्थित “टॉप इन टाउन” होटल में ठहरी एक महिला डॉक्टर से होटल कर्मचारी ने दुष्कर्म का प्रयास किया। यह घटना रात लगभग 2 बजे की है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, सक्ती जिले से चार डॉक्टर कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ट्रेनिंग के लिए आए थे। ट्रेनिंग खत्म होने के बाद दो महिला डॉक्टर वापस लौट गईं, जबकि दो डॉक्टर अलग-अलग कमरों में होटल में रुकी हुई थीं।

बीती रात करीब 2 बजे होटल का एक सफाईकर्मी खिड़की के रास्ते एक महिला डॉक्टर के कमरे में घुस आया और दुष्कर्म करने की कोशिश की। जब महिला ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे चाकू से जान से मारने की धमकी दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया।

CCTV से हुई पहचान, सफाईकर्मी हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और होटल परिसर के CCTV फुटेज की जांच की। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान होटल के सफाईकर्मी राजा खड़िया (35 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इस तरह की घटना पहले भी की है या नहीं। मामले को लेकर महिला डॉक्टर का बयान दर्ज किया गया है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *