सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तेज बहाव वाले नाले को पार करते समय एक महिला की गोद से तीन माह की बच्ची फिसलकर पानी में बह गई। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ (DDRF) की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
यह हादसा सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के मगरिहा नाला में हुआ। दरअसल, सरिता पति स्व. अमर सिंह अपनी तीन माह की बच्ची को गोद में लेकर मगरिहा नाला पार कर रही थी। दोपहर लगभग 12:20 बजे अचानक नाले में पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे बच्ची मां की गोद से फिसल गई और बह गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। अब तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, लेकिन रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है।
