Raipur News: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात व्यवस्था को भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। दुर्ग रेलवे स्टेशन की पटरियाँ पानी में डूब गई हैं, जिससे कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर जलजमाव, यातायात बाधित
दरअसल, बारिश के चलते दुर्ग रेलवे स्टेशन की रेल पटरियां जलमग्न हो गई हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा पानी निकासी का काम उच्च स्तर पर जारी है, लेकिन लगातार बारिश के कारण स्थितियां सुधर नहीं पा रही हैं। कई ट्रेनों के रूट बदले जा चुके हैं, जबकि कुछ को अस्थायी रूप से रद्द भी करना पड़ा है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि:
10 जुलाई को मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। हालांकि, 11 जुलाई से वर्षा की तीव्रता में कुछ कमी आने के संकेत हैं।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में औसतन 13.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। अब तक कुल 343.6 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से 15% अधिक है। दुर्ग जिले में अकेले 13 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
बांध और नदी में उफान पर
बारिश के कारण मोंगरा बांध से पानी छोड़ा गया, जिससे शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई गांवों और शहरी कॉलोनियों में पानी घुसने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।
बारिश का क्षेत्रीय आंकड़ा (सेमी में)
बालोद: 12 सेमी
अहिवारा: 10 सेमी
धमधा, मंदिरहसौद, गंडई: 9 सेमी
बोरई, अर्जुदा: 8 सेमी
धरसींवा, डौंडीलोहारा, भखारा, पाटन, भिलाई: 7 सेमी
रायपुर शहर, माना, खैरागढ़: 6 सेमी
राजनांदगांव, मोहला, छुरिया, लाभांडी, अंबागढ़ चौकी, पामगढ़, आरंग, सरायपाली आदि: 5 सेमी
