Raipur News: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से मंडियों में सब्जियों के दामों में जबरदस्त उछाल आई है। बीते 15 दिनों में सब्जी कीकीमतों में दो से तीन गुना तक की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। सोमवार को रायपुर की थोक फल-सब्जी मंडी में लगभग सभी सब्जियां महंगे दामों पर बिकीं।
व्यापारियों और किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण फसलें खराब हुई हैं, जिससे सब्जियों की आवक पर असर पड़ा है। साथ ही परिवहन व्यवस्था में भी बाधा आने के कारण लागत बढ़ गई है।
बारिश के कारण सब्जी की फसल बर्बाद
राजधानी और आसपास के जिलों में किसानों ने सब्जियों की जगह धान की खेती को प्राथमिकता दी है, और जिन्होंने सब्जियां बोई हैं, वे भारी बारिश से बर्बादी का सामना कर रहे हैं। इस वजह से सब्जी मंडियों में आपूर्ति लगातार घट रही है।
व्यापारियों का कहना है कि बारिश से खेतों तक पहुंचना मुश्किल है और ट्रक फंसने की वजह से ढुलाई का खर्च भी बढ़ गया है। इन सभी वजहों से सब्जियों की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है।
टमाटर 60 रुपये किलो तक पहुंचा
चिल्हर बाजारों में जहां पहले सब्जियां 15 से 30 रुपये किलो में मिल रही थीं, वहीं अब यही सब्जियां 40 से 80 रुपये किलो तक पहुंच गई हैं। सबसे ज्यादा उछाल टमाटर की कीमत में आया है, जो अब 50 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
थोक विक्रेताओं के अनुसार, इस समय करेला और टमाटर सबसे महंगी सब्जियों में शामिल हैं। स्थानीय फसल की आवक लगभग थम चुकी है, और बाहर से आने वाली सब्जियों की ढुलाई में भी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे डिमांड और सप्लाई में असंतुलन पैदा हो गया है।
