CG CRIME NEWS: रायपुर में पुलिस थाने से एक पंजाब का हेरोइन(चिट्टा) तस्कर मौके से फरार हो गया. वह पेट खराब होने का बहाना देकर बाथरूम जाने के लिए लॉकअप से बाहर निकला. फिर मौका देखकर थाने से फरार हो गया. थाने में साफ सफाई कर रही कामवाली बाई ने उसे भागते हुए देखा जिसके बाद उसने पुलिस वालों को सूचना दी. अमानाका पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है.आमानाका पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अमृतसर पंजाब के रहने वाले दो व्यक्ति धर्मेंद्र सिंह और अमृतपाल सिंह को पुलिस ने 14 अप्रैल को गिरफ्तार किया था. इनके पास से 12.69 ग्राम प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन(चिट्टा) और एक तौल मशीन बरामद हुआ था. पुलिस ने दोनों आरोपियों को टाटीबंध के पास एक ढाबा के पास से पकड़ा था. इस दौरान आरोपी हेरोइन बचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे.
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके थाने के लॉकअप में रखा था. तभी बुधवार सुबह एक आरोपी अमृतपाल सिंह ने पेट खराब होने का बहाना दिया. फिर बाथरूम जाने का बहाना दिया. जिसके बाद पुलिस स्टाफ ने उसे परमिशन दे दी. इस दौरान आरोपी मौका देखकर वहां से निकला फिर थाने से फरार हो गया.
