अंबिकापुर में एक महीने पहले नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज़ हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.नवविवाहिता के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है. परिजनों ने कम दहेज लाने एवं कार खरीदने के लिए 3 लाख रुपए की मांग करने का आरोप पति पर लगाया है. मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के मुताबिक, भट्ठापारा में नवविवाहिता रोशनी पासी (19 साल) ने 19 मार्च 2025 को अपने घर में फांसी लगा ली थी. मूलतः गढ़वा झारखंड निवासी रोशनी की शादी साढ़े तीन माह पूर्व 02 दिसंबर 2024 को अंबिकापुर निवासी अक्षय पासी के साथ सामाजिक रीति रिवाज के साथ हुई थी. रोशन पासी होली मनाने गढ़वा गई थी और 19 मार्च को सुबह वह मायके से लौटी थी. उसने दोपहर में घर में फांसी लगा ली.पीएम रिपोर्ट में रोशनी की मौत दम घुटने से होना बताया गया. पुलिस ने मामले में परिजनों का बयान दर्ज किया.
मणिपुर थाना पुलिस ने मामले में जांच के बाद धारा 80 (2) बीएनएस का अपराध दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी अक्षय कुमार पासी (26) को गिरफ्तार कर लिया.मणिपुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
