CHATTISGARH NEWS: छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर में रविवार को धर्मांतरण के आरोप में जमकर बवाल हुआ है। न्यायधानी के कोनी में हिंदूवादी संगठनों ने धर्मसभा की आड़ में भोले-भाले लोगों से धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया। विरोध करने पहुंचे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
हिंदूवादी संगठन के नेताओं ने कोनी टीआई पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि, इलाके में पिछले तीन महीने से धर्मांतरण का खेल चल रहा है। जिसका विरोध करने पर टीआई उनका बचाव करने लगे।
वहीं, राजधानी रायपुर के टाटीबंध में धर्म परिवर्तन के आरोप में बजरंग दल ने जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया। बजरंग दल का आरोप है कि, अनुकम्पा नगर के एक घर में करीब 100 से ज्यादा लोग जमा थे। जिनका धर्मांतरण कराया जा रहा था।
दरअसल, बिलासपुर के रमतला गांव में रविवार को एनम चर्च के बैनर तले धर्मसभा का आयोजन किया गया था। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को बुलाया गया था। 500 से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी। इसके लिए टेंट और कुर्सियां लगाई गई थी।
इसकी जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता गांव पहुंच गए। उन्होंने धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल मचाया। उनका आरोप है कि इस कार्यक्रम में स्क्रीन पर वीडियो दिखाकर लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।
