CG Accident: बराती से भरी पिकअप खेत में पलटी, नाबालिग की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर रूप से घायल…

CG Accident: छत्तीसगढ़ के सामरी पाठ थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक नाबालिग किशोर की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा ग्राम सरईडीह के पास सबाग रोड पर हुआ, जब बारातियों को ले जा रही एक पिकअप वाहन (जेएच 03 एजे 8768) अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन ग्राम कुदाग के बालापानी से बारातियों को लेकर ग्राम पंचायत बाटा की ओर जा रही थी। यहां से बारातियों को दूसरे वाहन से अन्य गांव के लिए रवाना होना था, लेकिन बाटा स्कूल से आगे बारकोना घाट के ढलान में वाहन का ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होते ही चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और पिकअप गड्ढेनुमा खेत में जा पलटी।

 

मौके पर ही हुई किशोर की मौत, तीन घायल

हादसे में 17 वर्षीय विरेंद्र नगेशिया, पिता देवार, वाहन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 24 वर्षीय रामेश्वर नगेशिया, 12 वर्षीय गुली नगेशिया और विकास नगेशिया शामिल हैं।

 

संजीवनी और निजी वाहनों से पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की मदद से घायलों को संजीवनी एंबुलेंस, निजी वाहन और हिंडाल्को कंपनी की एंबुलेंस से कुसमी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

 

हादसे के बाद गांव में मातम

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *