Navratri Garba Vivad: Ambikapur: नवरात्रि के गरबा आयोजनों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। यूट्यूबर एल्विस यादव के कार्यक्रम के रद्द होने के बाद अब अभिनेता गोविंदा के प्रस्तावित गरबा कार्यक्रम को लेकर विरोध तेज हो गया है।

रविवार शाम यादव समाज और हिंदू संगठनों से जुड़े करीब 25 से 30 लोगों ने शहर के प्रमुख स्थल घड़ी चौक पर गोविंदा के पोस्टर फाड़कर आग लगाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों की मांग
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि एल्विस यादव का गरबा कार्यक्रम राजनीतिक दबाव में रद्द किया गया, जिससे समाज में नाराजगी है। अब उसी क्रम में गोविंदा के कार्यक्रम को भी रद्द करने की मांग उठाई जा रही है।
दरअसल गोविंदा का गरबा कार्यक्रम सोमवार को शहर के एक निजी होटल में आयोजित होना है। आयोजन समिति ने इसकी पुष्टि पहले ही कर दी थी।

इस पूरे घटनाक्रम ने नवरात्रि के गरबा आयोजनों को लेकर शहर में नई बहस छेड़ दी है। पहले एल्विस के कार्यक्रम का विरोध किया गया जिस कारण कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा, वहीं अब गोविंदा के कार्यक्रम पर भी लोग सवाल खड़े कर रहे हैं।ऐसे में देखना होगा कि धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं के मद्देनज़र अब गोविंदा के गरबा कार्यक्रम में प्रशासन क्या निर्णय लेता है।
वहीं दूसरी ओर एल्विस के कार्यक्रम रद्द होने के बाद गोविंदा के कार्यक्रम के हो रहे विरोध में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने भी कहां है कि जब एल्विस यादव का कार्यक्रम धार्मिक भावनाओं को देखते हुए रद्द किया गया है तो गोविंदा के भी कार्यक्रमों को रद्द करना चाहिए, गोविंदा के भी कई फिल्म के गाने ऐसे हैं जो अश्लीलता फैलाने से कम नहीं है।
