Janjgir Champa Murder: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पत्नी ने अपने पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 7 सितंबर की रात चाम्पा थाना क्षेत्र के मंझली तालाब इलाके में हुई। हत्या की वजह चरित्र शंका और पति की रोजाना शराब पीकर मारपीट करना बताई जा रही है।
चरित्र शंका और मारपीट से थी परेशान
जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम सोमराज बड़ाईक है। वह शराब पीकर अक्सर पत्नी से चरित्र शंका की बात को लेकर झगड़ा और मारपीट करता था। घटना वाली रात भी विवाद बढ़ गया, जिसके बाद पत्नी दुर्गा बड़ाईक (Durga Badaik Arrested) ने तकिये से गला दबाकर पति की हत्या कर दी।

पत्नी ने की पति की हत्या (Wife Killed Husband)
मृतक के साले संजय थवाईत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि शाम करीब 6-7 बजे उसका जीजा शराब पीकर घर आया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद शांत कराने के बाद भी रात करीब 9 बजे दुर्गा बड़ाईक ने बताया कि पति फिर से मारपीट कर रहा है। परेशान होकर उसने पति की जान ले ली।
जब परिजन मौके पर पहुंचे तो सोमराज कमरे में अचेत अवस्था में पड़ा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला आरोपी गिरफ्तार (Durga Badaik Arrested)
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी यदुमनी सिदार को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दुर्गा ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने तकिया बरामद कर लिया है और आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
