Sarguja News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के प्रतापगढ़ स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल (DAV Public School Pratapgarh Sarguja) में दूसरी कक्षा की छात्रा को महिला टीचर ने 100 बार उठक-बैठक की सजा दी। इस दौरान छात्रा के पैरों के मसल्स क्रैक हो गए और अब वह खड़े होने व चलने में असमर्थ है। पीड़िता का इलाज निजी अस्पताल में जारी है। परिजनों ने मामले की शिकायत अंबिकापुर एसपी से की है।

टॉयलेट जाने दूसरी कक्षा की छात्रा को टीचर ने पीटा
पीड़ित छात्रा 8 वर्षीय समृद्धि गुप्ता (Samridhi Gupta) ने बताया कि वह क्लास से टॉयलेट जा रही थी। रास्ते में टीचर नम्रता गुप्ता मोबाइल पर लगी थीं। जब छात्रा ने टॉयलेट जाने की बात कही तो टीचर ने उसे दो डंडे मारे और क्लास में ले जाकर 100 बार उठक-बैठक कराई।

मसल्स क्रैक, इलाज जारी (Samridhi Gupta Muscles Crack)
सजा के बाद बच्ची के पैरों में सूजन और तेज दर्द शुरू हो गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसके घुटनों के नीचे के मसल्स क्रैक हो गए हैं, जिसके कारण वह न खड़ी हो पा रही है और न चल पा रही है।
परिजनों ने SP से की शिकायत
समृद्धि के पिता मनोज गुप्ता अंबिकापुर में रहते हैं। बच्ची अपने बड़े पिता अनुराग गुप्ता के साथ गुतुरमा गांव में रहकर DAV प्रतापगढ़ में पढ़ती है। परिजनों ने पहले स्कूल प्रिंसिपल से शिकायत की, लेकिन शिक्षिका ने घटना से इनकार कर दिया। इसके बाद मामला अंबिकापुर SP कार्यालय तक पहुंचा।

प्रशासन ने जांच के दिए निर्देश
इस मामले पर सरगुजा DEO दिनेश झा ने कहा कि उन्हें अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। वहीं, सीतापुर BEO इंदु तिर्की ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी है और अगले दो दिनों में शिक्षा विभाग की टीम जांच करेगी। दोषी पाए जाने पर शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
