Raigarh Murder: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुत्ते के भौंकने से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि तीन युवकों ने मिलकर कुत्ते के मालिक पर टांगी से हमला कर दिया। इस हमले में युवक की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में दो नाबालिग सहित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

कुत्ते के भौंकने पर मालिक की हत्या (Dog Barking Dispute Murder)
दरअसल घटना तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमाघाट पंचायत के दांदरी गांव की है। बीती रात करीब 8:30 बजे 25 वर्षीय युवक सुजीत खलखो (Sujit Khalkho Murder Tamnar Raigarh) अपने परिजनों के घर भोजन करने गया था। तभी तीन युवक वहां पहुंचे और धारदार टांगी से सुजीत पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए चाचा सुरेश मिंज भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कुत्ता घुमाने के दौरान हुए गाली-गलौज के बाद आरोपियों का सुजीत खलखो के साथ पहले भी विवाद हुआ था, जिसके बाद ही आरोपियों ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया।

दो नाबालिग के साथ एक अन्य गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही तमनार पुलिस ने घटना स्थल पहुंचकर मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और आगे की जांच में जुट गई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या के इस मामले में दो नाबालिग समेत एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक का बयान (Tamnar police action)
रायगढ़ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते यह घटना हुई है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

