CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से बारिश का दौर शुरू हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के चलते मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजधानी रायपुर में गुरुवार रात को बादल गरजने और तेज बारिश के बाद लोगों को उमस से राहत मिली। मौसम विभाग (IMD Alert) के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ में आज जोरदार बारिश होने की संभावना है। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा।

पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में सभी संभागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि दुर्ग और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई।
राजनांदगांव में सर्वाधिक 119.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
अधिकतम तापमान रायपुर में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
यहां हुई बारिश (Heavy rain in CG)
राजनांदगांव (12 मिमी), तखतपुर (7), अर्जुन्दा, नानगुर, बेलतरा, रतनपुर, चारामा, भानुप्रतापपुर (6), डौंडी, कटेकल्याण, बीजापुर, केशकाल, छुरा, डोंगरगांव, मरीं बंगला देवरी, मैनपुर (5), दुर्गकोंदल, दरभा, मोहला, बारसूर, बेलरगांव, अंबागढ़ चौकी (4), सरोना, अंतागढ़, कुकरेल, डौंडीलोहारा, धमतरी, नगरी, गुंडरदेही, बेलगहना, कांकेर, कुरूद, देवभोग, कुमरदा, भैरमगढ़ (3 मिमी) समेत अन्य स्थानों पर भी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान (IMD Alert CG)
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। वहीं, बीजापुर और आसपास के जिलों में भारी से अति भारी वर्षा और एक-दो स्थानों पर चरम भारी वर्षा होने का अनुमान है।
राजधानी रायपुर में आज का मौसम (Raipur Weather)
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। बादल गरजने-चमकने के साथ बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इस दौरान तापमान 26 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
