रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र के पचरी गांव में रविवार को एक घर के अंदर मां और बेटी के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान बिंदा बाई चतुर्वेदी (55) और उषा मनहरे के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में दोनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने की बात सामने आई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का कहना है कि शवों पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन आशंका है कि मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई हो सकती है। फिलहाल इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले में आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
