Bilaspur Breaking: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत स्थित एनटीपीसी (NTPC Sipat Accident) संयंत्र में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। मरम्मत कार्य के दौरान एक भारी टैंक गिरने से कई श्रमिक दब गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 3 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हालांकि, मृतकों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई, जब संयंत्र परिसर के भीतर मरम्मत कार्य चल रहा था। अचानक भारी मशीन (टैंक) असंतुलित होकर गिर गई और कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। (Bilaspur NTPC Tank Fall)

घायलों का इलाज जारी
घायल श्रमिकों को तत्काल सिम्स और अपोलो अस्पताल, बिलासपुर रेफर किया गया है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी मृतक और घायल श्रमिक स्थानीय ठेका कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
NTPC ने दिए जांच के आदेश (Sipat NTPC Accident Bilaspur)
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस टीम और संयंत्र प्रबंधन मौके पर पहुंचे। एनटीपीसी प्रबंधन ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। हादसे के बाद संयंत्र के संबंधित सेक्शन में कार्य रोक दिया गया है और सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जा रही है।

परिजनों में आक्रोश
हादसे के बाद श्रमिकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। वे मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
