सारंगढ़-बिलाईगढ़ : छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में 50 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शहर के चौहानपारा क्षेत्र में रहने वाली महिला सरिता गोंडे और उसके भतीजे अमित कुर्रे ने मिलकर 31 वर्षीय प्रमिला अजय की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद तकिए से उसका मुंह तब तक दबाया गया जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।

दरअसल, मृतका प्रमिला अंडोला थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसीर की रहने वाली थी और सारंगढ़ में एक NGO का संचालन कर रही थी। पुलिस के अनुसार, सरिता गोंडे ने हाल ही में एक नई आर्टिका कार खरीदी थी, जिसे गिरवी रखकर सरसीवां निवासी एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये लिए थे। इस लेन-देन की गवाह प्रमिला थी।
19 जुलाई को प्रमिला इसी मामले में बातचीत के लिए चौहानपारा स्थित सरिता के घर पहुंची थी। वहां विवाद इतना बढ़ गया कि सरिता ने अपने भतीजे अमित के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।

दोनों आरोपी गिरफ्तारी
एडिशनल SP निमिषा पांडेय ने बताया कि पूछताछ में सरिता ने हत्या करना कबूल किया है। उसने प्रमिला का मुंह तकिए से दबाया, वहीं अमित ने नायलॉन की रस्सी से गला घोंटा। वारदात के बाद अमित फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने कोरबा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त नायलॉन रस्सी और अन्य सबूतों को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। दोनों आरोपियों पर धारा 103(1) व 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया।
