CG News: शिक्षक ने बच्चों से स्कूल में छँटवाया धान; कक्षा में पढ़ाई नहीं, बच्चे बीनते रहे धान…

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के प्राथमिक शाला सिलादेही से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी शिक्षक अपने घर से धान लेकर स्कूल पहुंचा और कक्षा 4वीं और 5वीं के छात्रों से धान में से खराब दाने (करगा) चुनवाए। इस घटना को लेकर शिक्षा समिति ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

कक्षा में पढ़ाई नहीं, बच्चे बीनते रहे धान

जानकारी के अनुसार, सहायक शिक्षक गोपी कुमार तिवारी स्कूल में पढ़ाई कराने के बजाय अपने निजी कार्य में बच्चों को लगा दिया। शिक्षक ने 3.5 किलोग्राम धान अपने घर से लाकर स्कूल में रखा और बच्चों से उसमें से खराब दाने अलग करवाने का काम कराया। बच्चों ने बताया कि वे आधे घंटे से धान से करगा बीन रहे थे।

शिक्षक भी बीन रहा था धान

शिक्षा समिति की जांच में सामने आया कि शिक्षक स्वयं भी बच्चों के साथ धान से करगा बीन रहा था। इस दौरान कक्षा में पढ़ाई पूरी तरह बंद थी। स्कूल में कुल तीन शिक्षक पदस्थ हैं, जिनमें से उस समय दो उपस्थित थे और एक अवकाश पर।

कलेक्टर और DEO तक पहुंची शिकायत

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा समिति ने मौके पर पहुंचकर पालकों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया।
पंचनामा बनाते समय शिक्षक लक्ष्मीप्रसाद देवांगन, प्रधानपाठक प्रीतम प्रसाद खुरे, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष तिवारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आलेख दुबे सहित अन्य लोग मौजूद थे। समिति ने इस मामले की शिकायत कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *