Bilaspu News: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले की 65 वर्षीय महिला लक्ष्मी चौहान को लंबे समय से पेट में सूजन और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बीते 10 दिनों से उनकी स्थिति गंभीर होती जा रही थी—लगातार उल्टी, खाना न खा पाना और मल-मूत्र त्याग में दिक्कत की वजह से परिजन उन्हें सिम्स, बिलासपुर लाए। यहां डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने 10 किलो 660 ग्राम वजनी ट्यूमर सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर निकाल दिया।
बता दें, मरीज के सिम्स पहुंचने पर डॉ. नेहा सिंह ने मरीज की प्रारंभिक जांच की और तत्काल गंभीरता को भांपते हुए उन्हें प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में भर्ती कराया। सोनोग्राफी जांच में पेट में विशाल ट्यूमर की पुष्टि हुई। डॉ. नेहा सिंह ने विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता रमन जोगी को सूचित किया। मरीज की स्थिति को देखते हुए मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. लखन सिंह और अधिष्ठाता डॉ. रामनेश मूर्ति से जीवन रक्षक सर्जरी की स्वीकृति ली गई।
सर्जरी के लिए गठित टीम ने रचा कीर्तिमान
- डॉ. संगीता रमन जोगी
- डॉ. दीपिका सिंह, डॉ. रचना जैन, डॉ. अंजू गढ़वाल
- निश्चेतना विभाग से डॉ. मधुमिता मूर्ति, डॉ. श्वेता, डॉ. प्राची, डॉ. आकांक्षा
- नर्सिंग स्टाफ से ब्रदर अश्विनी
लगभग 3 घंटे चली इस जटिल सर्जरी को पूरी तरह सफल घोषित किया गया है। फिलहाल महिला की स्थिति स्थिर और बेहतर बताई जा रही है।
सिम्स प्रबंधन ने जताया आभार
सिम्स प्रबंधन ने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम को उनकी तत्परता, विशेषज्ञता और समर्पण के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है। यह ऑपरेशन न केवल सिम्स के लिए गौरव की बात है, बल्कि राज्य की चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता का प्रमाण भी है।
