Raipur News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के लाखों राशनकार्डधारियों को बड़ी राहत देते हुए तीन माह के चावल वितरण की समय-सीमा 30 जून से बढ़ाकर 31 जुलाई 2025 कर दी है। अब जिन लाभार्थियों ने अभी तक राशन नहीं उठाया है, वे 31 जुलाई तक अपने नजदीकी उचित मूल्य दुकान (PDS Shop) से चावल प्राप्त कर सकेंगे।
दरअसल खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय भारत सरकार द्वारा राज्यों की मांग के आधार पर लिया गया है। भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने इस आशय का पत्र 30 जून को सभी राज्यों को जारी किया है। इसी के तहत छत्तीसगढ़ शासन के सचिव, खाद्य विभाग द्वारा सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

क्या है योजना के अंतर्गत चावल वितरण की स्थिति?
जून से अगस्त 2025 तक के लिए भारत सरकार ने राज्यों को 3 माह के चावल का वितरण करने के निर्देश दिए थे। पूर्व में इसकी अंतिम तारीख 30 जून थी, जिसे अब 31 जुलाई 2025 तक बढ़ा दिया गया है।
राज्य के 81.03 लाख राशनकार्डधारी परिवारों में से 70.04 लाख (86%) परिवारों ने अब तक चावल का उठाव कर लिया है। खासतौर पर 13 जिलों—बालोद, बलौदाबाजार, धमतरी, बेमेतरा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, कांकेर, खैरागढ़, कोरिया, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 90 प्रतिशत से अधिक राशन वितरण पूरा हो चुका है।
11 लाख राशन कार्डधारियों को चावल मिलना बाकी
छत्तीसगढ़ में कुल 7.82 लाख मीट्रिक टन चावल का आवंटन 13,965 उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से किया गया है। अब तक 6.72 लाख मीट्रिक टन चावल का वितरण हो चुका है। राज्य में अब भी करीब 11 लाख राशनकार्डधारियों को चावल मिलना बाकी है, जिनका वितरण अगले एक सप्ताह में पूर्ण किए जाने की संभावना है।
