छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है.जहाँ एक ही परिवार के 4 लोगों का शव घर के अन्दर मिला. दरअसल शासकीय हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के H-2 बिल्डिंग के मकान नं. 05 में रहने वाले बसंत पटेल (42) का शव फंदे से लटका हुआ था जबकि घर के अन्य सदस्य पत्नी और दो बच्चे की लाश नीचे बिस्तर पर पड़ी मिली. इस घटना से इलाके में हडकंप मच गया.

घटना की सूचना मिले ही SP समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची.जानकारी के मुताबिक, मृतक बसंत पटेल बागबाहरा के आदिम जाति कल्याण विभाग कार्यालय में प्यून (भृत्य) था.मृतकों में पत्नी भारती पटेल (38), बेटी सेजल पटेल (11) और बेटे कियांश पटेल (4) शामिल है.बताया जा रहा है घर का दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस को आत्महत्या से सम्बंधित कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही हैं.मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है.

पुलिस के मुताबिक तहसीलदार से सूचना मिली कि, प्यून ने घर का दरवाजा नहीं खोला.अनहोनी की आशंका पर परिजनों से भी संपर्क किया और दरवाजा खोला तो बसंत पटेल की लाश लटकती मिली, बाकी तीन लाशें जमीन पर पड़ी थी, पुलिस के अनुसार बसंत के फांसी लगाने और बाकी तीनों की जहर खाने से मौत की आशंका है.फ़िलहाल फॉरेंसिक एक्सपर्ट मामले की जाँच कर रहे हैं.
