बिलासपुर के उमरिया से एक दर्दनाक मामला सामने आया है.दरअसल माता पिता को लड़ता हुआ देख उनका बेटा घर से चला गया लेकिन जब घर वापस लौटा तो माँ की लाश खून से लतपथ पड़ी मिली और पिता का शव फंदे से झूलता हुआ मिला.
जानकारी के मुताबिक, ग्राम उमरिया निवासी सुखसिंह बैगा (55) रोजी-मजदूरी करता था. वो अपनी पत्नी कुंवारिया बाई (50) और बेटे दिलेश (11) के साथ रहता था. उसका बड़ा बेटा चुन्नी लाल बैगा दूसरे गांव में रहकर मजदूरी करता है.रविवार की रात सुखसिंह बैगा ने पत्नी से पैसे मांगे तो उसने देने से इनकार कर दिया. जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. पिता को मां से मारपीट करते देख दिलेश घर से भागकर पास ही स्थित अपने मामा के घर चला गया. रात में वहीं सो गया था.
दिलेश सोमवार की सुबह उठने के बाद जब घर पहुंचा तो मां की लाश खून से लथपथ पड़ी मिली. कमरे में पिता का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था. वह दौड़कर बाहर निकला और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी. गांव के लोगों ने घटना की जानकारी बेलगहना पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने दिलेश से पूछताछ के बाद मामले में पत्नी की हत्या करने के बाद पति के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की आशंका जताई है. चौकी प्रभारी भावेश शेंडे ने बताया कि, शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है. रिपोर्ट आने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
