CG News: महासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर शराब कोचियों ने हमला कर दिया। बागबाहरा थाना क्षेत्र के बोकरामुड़ा-जामगांव में हुई इस घटना में आबकारी विभाग के 2 उप निरीक्षक, 1 महिला कर्मचारी समेत कुल 6 लोग घायल हो गए। हमलावरों ने सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के कारोबार की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई के लिए पहुंची थी। टीम की छापेमारी से नाराज शराब कोचियों ने अचानक कर्मचारियों पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान शराब कोचियों और आबकारी कर्मचारियों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने टीम के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में आबकारी विभाग के छह कर्मचारी घायल हो गए।
सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़
हमले के दौरान शराब कोचियों ने आबकारी विभाग के सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की। घटना की जानकारी मिलते ही बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला आबकारी अधिकारी रमेश अग्रवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में बागबाहरा थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हमला करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई सरकारी टीम पर हुए हमले से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
