CG Politics: रायपुर। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से संबंधित प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि परिसीमन से क्षेत्र का विस्तार होगा और छत्तीसगढ़ के विकास को गति मिलेगी। साथ ही अधिक लोगों को जनप्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में वृद्धि का प्रावधान किया गया है।
विधानसभा सीटें 90 से बढ़कर 135 होने की संभावना
प्रस्ताव लागू होने के बाद छत्तीसगढ़ में विधानसभा की मौजूदा 90 सीटें बढ़कर 135 हो सकती हैं। वहीं लोकसभा सीटों की संख्या 11 से बढ़कर 17 होने की संभावना जताई जा रही है।
इस बदलाव के बाद प्रदेश को 45 नए विधायक और 6 अतिरिक्त सांसद मिल सकते हैं। इससे राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों को अधिक प्रतिनिधित्व मिलने का रास्ता खुल सकता है।
धान खरीदी को लेकर क्या बोले CM साय
धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी की लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि खरीदी व्यवस्था बेहतर तरीके से चल रही है और इसे लेकर किसी प्रकार का संशय नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है और अधिकारियों से इसकी जानकारी ली जा रही है।
लक्ष्मी वर्मा के सड़क हादसे पर दी जानकारी
लक्ष्मी वर्मा के सड़क हादसे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरी तरह ठीक हैं। दुर्घटना में उन्हें हल्की चोट आई है, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य है।

