Mahadev Betting Case: महादेव सट्टा केस में हिमांशु शेखर की आज पेशी, ED दोबारा मांग सकती है रिमांड; सौरभ चंद्राकर से लिए थे 15 करोड़

himanshu

Mahadev Betting Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित की प्रवर्तन निदेशालय (ED) रिमांड शनिवार को खत्म हो रही है। उसे आज रायपुर की विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा। एजेंसी पूछताछ के लिए उसकी दोबारा रिमांड मांग सकती है।

जानकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर जांच अधिकारियों को पूरी जानकारी नहीं दे रहा है। ऐसे में ED आगे की पूछताछ के लिए कोर्ट से अतिरिक्त रिमांड की मांग कर सकती है।

15 करोड़ लेने का आरोप

हिमांशु शेखर पर आरोप है कि उसने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस खत्म कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लिए थे। आरोप है कि उसने जज और अधिकारियों को प्रभावित कर मामला सुलझाने का भरोसा दिलाया था।

ED इस कथित लेन-देन के साथ हिमांशु और सौरभ चंद्राकर के बीच दुबई में हुई मुलाकातों की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसी को सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु के बारे में जानकारी मिली थी।

Himanshu Shekhar

इसके बाद ED ने उसे मुंबई एयरपोर्ट पर रोका था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद ED ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर रायपुर लाकर पूछताछ शुरू की थी।

वकील से म्यूजिक इंडस्ट्री तक का सफर

हिमांशु शेखर वकील होने के साथ उद्यमी, गीतकार और म्यूजिक कंपनी के संस्थापक भी हैं। उसने अपनी पुरानी साझेदार मनप्रीत कौर के साथ कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में काम किया था। इसके बाद वह म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ा।

वह ओएसएम रिकॉर्ड्स के अलावा यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड से भी जुड़ा रहा है। ED के आवेदन में दर्ज जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2025 तक यस्या मीडिया में हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड के अनुसार, साल 2022-23 में कंपनी का राजस्व 52.66 लाख रुपए था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया। ED ने इसी अवधि को महादेव बुक के प्रमोटरों से कथित तौर पर रकम मिलने की अवधि से जोड़ा है।

सौरभ के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ी

ED ने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लिया था। पूछताछ के दौरान सौरभ ने कथित तौर पर बताया कि केस खत्म कराने के लिए उसने हिमांशु शेखर को 15 करोड़ रुपए दिए थे। जांच में यह भी सामने आया कि हिमांशु पिछले तीन साल में कई बार दुबई गया था, जहां उसकी सौरभ चंद्राकर से मुलाकात हुई थी।

5 महीने तक हर महीने 60 करोड़ देने का दावा

सौरभ के बयान के अनुसार, दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हिमांशु ने कई किस्तों में रकम ली थी। आरोप है कि उसने यह पैसा भारत में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही थी। सौरभ ने दावा किया कि रकम दिल्ली और मुंबई के हवाला कारोबारियों के जरिए नकद दी गई। कुछ राशि दुबई भी भेजी गई।

65 लाख रुपए को बताया पेशेवर फीस

ED की पूछताछ में हिमांशु ने सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से दुबई के विला नंबर 45 में मुलाकात की बात स्वीकार की है।

हालांकि, उसने मुलाकात की तारीख 3 अक्टूबर 2023 बताई। हिमांशु ने अपने लेन-देन को पेशेवर फीस बताया और कहा कि वसीम कुरैशी से 25 लाख रुपए और प्रमोटरों से 40 लाख रुपए बैंक खाते के माध्यम से मिले थे।

ED के अनुसार, हिमांशु ने 15 करोड़ रुपए नकद किस्तों में लेने के आरोपों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *