CG Election 2026: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अब राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम की घोषणा का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में चुनाव की तारीखों के साथ आचार संहिता लागू की जा सकती है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, 2 या 3 दिसंबर को राज्य निर्वाचन आयुक्त चुनाव कार्यक्रम जारी करने और आचार संहिता लागू करने के संबंध में निर्देश दे सकते हैं। इसके बाद दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराए जाने की संभावना है।
इससे पहले 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद आयोग चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है।
चार नगर निगमों में होगा चुनाव
इस बार बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली नगर निगम समेत कई नगरीय निकायों में चुनाव होंगे। मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। वहीं, राजनीतिक दलों ने भी उम्मीदवारों के चयन और वार्ड स्तर पर चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
1231 पदों के लिए होगा चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कुल 1231 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।
नगरीय निकायों में आम निर्वाचन और उपचुनाव मिलाकर कुल 417 पदों पर चुनाव होंगे। इनमें चार नगर निगमों में महापौर के 4 पद, अध्यक्ष के 13 पद और पार्षद के 400 पद शामिल हैं।
इसके अलावा उपचुनाव में अध्यक्ष के एक और पार्षद के 6 पदों पर मतदान होगा। वहीं, त्रिस्तरीय पंचायतों में कुल 814 पदों के लिए चुनाव होंगे। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पद शामिल हैं।
देरी होने पर नियुक्त हो सकते हैं प्रशासक
यदि चुनाव कार्यक्रम जारी होने में देरी होती है तो कुछ नगरीय निकायों में प्रशासक नियुक्त किए जा सकते हैं। ऐसे में दिसंबर का पहला सप्ताह राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इससे पहले वर्ष 2024 में भी नगरीय निकायों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद कुछ स्थानों पर प्रशासकों की नियुक्ति की गई थी।
23 दिन में पूरी हुई थी पिछली चुनाव प्रक्रिया
वर्ष 2021 में नवंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया था। इसके बाद 20 दिसंबर को मतदान कराया गया था। यानी अधिसूचना जारी होने से मतदान तक करीब 23 दिन का समय मिला था।
इसी समय अवधि को देखते हुए इस बार भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम निर्णय राज्य निर्वाचन आयोग की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
बीरगांव में 40 वार्डों में लागू होगी आचार संहिता
बीरगांव नगर निगम का क्षेत्रफल 36.85 वर्ग किलोमीटर है। वर्ष 2014 में गठित इस निगम में 40 वार्ड और 6 मूल राजस्व ग्राम शामिल हैं।
नगर निगम चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता इन सभी 40 वार्डों के निगम क्षेत्र में लागू होगी। इसका असर पूरे रायपुर जिले में नहीं होगा।
उरला, बोरझरा, अछोली, रांवाभाठा, उरकुरा, बीरगांव और सरोरा के निगम क्षेत्र में आने वाले हिस्से आचार संहिता के दायरे में रहेंगे। जिले के अन्य नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में आचार संहिता उनके चुनाव कार्यक्रम के अनुसार लागू होगी।





