Raipur CM Jan Darshan: मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जरूरतमंद लोगों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं और उपचार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। जनदर्शन में पहुंचे तीन जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री ने कुल 55 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इससे आर्थिक परेशानी से जूझ रहे परिवारों को उपचार कराने में राहत मिली है।
जनदर्शन में रायपुर निवासी मोहम्मद आरिफ अपने सात वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के उपचार के लिए सहायता की उम्मीद लेकर पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बेटा ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है और उसकी नियमित थेरेपी में हर महीने करीब 40 हजार रुपए का खर्च आता है।
मोहम्मद आरिफ ने बताया कि दुर्घटना में चोट लगने के बाद वर्तमान में उनके पास रोजगार का कोई साधन नहीं है। परिवार का पालन-पोषण करने के साथ बच्चे की नियमित थेरेपी का खर्च उठाना उनके लिए काफी मुश्किल हो गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी परेशानी को समझते हुए बच्चे की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आर्थिक सहायता मिलने से परिवार को बच्चे का इलाज जारी रखने में मदद मिलेगी।
पाटन निवासी ज्ञानेश कुमार साहू भी जनदर्शन में उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान हैं और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार कराने में कठिनाई आ रही है।
मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनकर उपचार के लिए 10 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। वहीं रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए भी मुख्यमंत्री ने मदद की। उनकी सुपुत्री ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक सौंपा गया।


