Mahadev Betting Case: महादेव सट्टा केस में गिरफ्तार हिमांशु शेखर का म्यूजिक कनेक्शन; OSM Records का को-फाउंडर, कई चर्चित कलाकारों के साथ बनाए गाने

Mahadev Betting Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में गिरफ्तार हिमांशु शेखर का नाम अब तक जांच और कथित आर्थिक लेन-देन को लेकर चर्चा में रहा है। हालांकि, हिमांशु की पहचान सिर्फ इस मामले तक सीमित नहीं है। वह मुंबई की म्यूजिक इंडस्ट्री में भी सक्रिय रहा है और एक म्यूजिक लेबल का सह-संस्थापक रह चुका है।

Mahadev Betting Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में गिरफ्तार हिमांशु शेखर का नाम अब तक जांच और कथित आर्थिक लेन-देन को लेकर चर्चा में रहा है। हालांकि, हिमांशु की पहचान सिर्फ इस मामले तक सीमित नहीं है। वह मुंबई की म्यूजिक इंडस्ट्री में भी सक्रिय रहा है और एक म्यूजिक लेबल का सह-संस्थापक रह चुका है।

जानकारी के मुताबिक, हिमांशु शेखर OSM Records का को-फाउंडर है। इस म्यूजिक लेबल के जरिए कई बॉलीवुड और सोशल मीडिया से जुड़े कलाकारों ने काम किया है। वहीं, उसकी मंगेतर चित्रांशी ध्यानी भी अभिनेत्री, गायिका और कंटेंट क्रिएटर हैं।

ओएसएम रिकॉर्ड्स के कई म्यूजिक वीडियो में चित्रांशी नजर आ चुकी हैं। उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडियन हर्ष गुजराल, रैपर गौरव खुल्लर उर्फ खुल्लर-जी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान के साथ भी म्यूजिक वीडियो में काम किया है।

himanshu

म्यूजिक लेबल से जुड़े हैं कई चर्चित चेहरे

OSM Records के यूट्यूब चैनल पर चित्रांशी के कई गाने और वीडियो मौजूद हैं। इनमें ‘चीटर’ गाना काफी चर्चित रहा है। इस गाने में चित्रांशी के साथ हर्ष गुजराल और खुल्लर-जी नजर आए हैं। वहीं ‘बिग लाइफ रिटर्न्स’ में चित्रांशी के साथ अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान दिखाई देते हैं।

इसके अलावा ‘अल्फाज’, ‘टिम टिम’, ‘गुड बाय मायसेल्फ’ और ‘रास्ता तुम्हारा’ जैसे गानों में भी चित्रांशी ने काम किया है। वह म्यूजिक वीडियो के साथ अभिनय और सोशल मीडिया कंटेंट की दुनिया में भी सक्रिय रही हैं।

चित्रांशी ने साल 2021 में आई वेब सीरीज ‘ब्रॉल – द बैटल विदिन’ में सना की भूमिका निभाई थी।

2018 में शुरू किया था ओएसएम रिकॉर्ड्स

OSM Records की शुरुआत साल 2018 में हुई थी। इसके संस्थापकों में हिमांशु शेखर और मनप्रीत कौर शामिल हैं। दोनों इससे पहले विप्रा डायलॉग्स नाम की कंटेंट क्रिएशन कंपनी के साथ जुड़े हुए थे।

इसके बाद दोनों ने म्यूजिक प्रोडक्शन के क्षेत्र में कदम रखा और ओएसएम रिकॉर्ड्स की शुरुआत की। कंपनी ने शुरुआत ‘साया’ नाम के गाने से की थी। इसके बाद हिंदी, पंजाबी और हरियाणवी समेत कई भाषाओं में गाने जारी किए गए।

इस म्यूजिक लेबल के वीडियो में कई चर्चित कलाकार नजर आ चुके हैं। अभिनेता जितेंद्र कुमार, गायिका रेखा भारद्वाज, सलमान यूसुफ खान और मिलिंद गाबा जैसे कलाकार भी इससे जुड़े रहे हैं। कंपनी के यूट्यूब चैनल पर सैकड़ों वीडियो उपलब्ध हैं।

म्यूजिक वीडियो निर्माण और निर्देशन में भी सक्रिय था हिमांशु

हिमांशु शेखर की भूमिका केवल म्यूजिक लेबल के सह-संस्थापक तक सीमित नहीं थी। वह म्यूजिक वीडियो के निर्माण और निर्देशन में भी सक्रिय रहा है।

सिंगर मिलिंद गाबा के गाने ‘जरा पास आओ’ में हिमांशु का नाम निर्माता के तौर पर दर्ज है। वहीं अभिनेता जितेंद्र कुमार वाले म्यूजिक वीडियो के क्रेडिट में उसे निर्देशक और निर्माता बताया गया है। इन प्रोजेक्ट्स में मनप्रीत कौर का नाम भी निर्माता के रूप में शामिल रहा है।

वकील से म्यूजिक इंडस्ट्री तक का सफर

हिमांशु शेखर को उद्यमी, वकील, गीतकार और म्यूजिक लेबल के संस्थापक के रूप में भी जाना जाता रहा है। उसने मनप्रीत कौर के साथ कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में काम करने के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा।

OSM Records के अलावा वह यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड से भी जुड़ा रहा है। प्रवर्तन निदेशालय के आवेदन में दर्ज जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2025 तक यस्या मीडिया में हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

ईडी के अनुसार, कंपनी का राजस्व वर्ष 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया। जांच एजेंसी ने इसी अवधि को महादेव बुक के प्रमोटर्स से कथित रकम मिलने की अवधि से जोड़ा है।

महादेव बुक के प्रमोटर्स से मुलाकात का आरोप

ईडी की जांच में महादेव ऑनलाइन बुक मामले में गिरफ्तार प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आने की बात कही गई है।

जांच एजेंसी के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक को सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल द्वारा संचालित किया जाता था। इस नेटवर्क में अलग-अलग पैनल और शाखाओं के जरिए सट्टेबाजी का संचालन किए जाने का आरोप है।

ईडी के आवेदन में सौरभ चंद्राकर के बयान का हवाला देते हुए कहा गया है कि अक्टूबर 2023 में हिमांशु शेखर उर्फ मोहित की दुबई में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और अन्य लोगों से मुलाकात हुई थी।

आरोप है कि इस मुलाकात में हिमांशु ने महादेव बुक और उससे जुड़े मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया था। ईडी के आवेदन में सौरभ के बयान के आधार पर हिमांशु पर बड़ी रकम लेने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, मामले में जांच एजेंसी की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि न्यायालय में होना बाकी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *