CG Murder: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने पत्नी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी के खाट से गिरने की झूठी कहानी बताकर परिजनों को गुमराह किया।
परिजनों ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया था, लेकिन उसकी बहन को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। शिकायत के बाद पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है।
खाट से गिरने की बताई थी कहानी
जानकारी के अनुसार, ग्राम खजूरबहार चौहान पारा निवासी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62) की पत्नी पार्वती बाई (52) की 6 नवंबर 2026 को मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतिका की छोटी बहन सीता बाई (45), निवासी कुडमुरा नंदीटोली थाना नारायणपुर, अगले दिन गांव पहुंची।
सीता बाई ने घर में अपनी बहन का शव देखा। शव के सिर और माथे पर चोट के निशान थे और खून भी निकला हुआ था। इस पर पति मुखलाल राम ने बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थीं, जिससे सिर में चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।
पति की बात पर भरोसा करते हुए परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को शव को दफना दिया।
बहन को हुआ शक, थाने में दर्ज कराई शिकायत
कुछ दिनों बाद सीता बाई को बहन की मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उन्हें आशंका थी कि पार्वती बाई की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या है। इसके बाद उन्होंने 20 नवंबर को कुनकुरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कब्र से शव निकलवाया गया और पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत की वजह हत्यात्मक बताई।
चरित्र पर शक के चलते की हत्या
जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुखलाल राम के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में अपराध दर्ज किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था। 6 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच उसने पत्नी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था।
इसी बात को लेकर गुस्से में उसने घर में रखी कुल्हाड़ी के पासा वाले हिस्से से पत्नी के सिर, माथे और सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पार्वती बाई की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पत्नी के खाट से गिरने की झूठी कहानी बनाई और परिजनों को गुमराह किया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



