Raipur News: भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज 26 नवंबर को रायपुर में संविधान गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे रजबंधा मैदान स्थित शहीद स्मारक भवन में होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि इसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव करेंगे।
भाजपा के अनुसार, संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान निर्माताओं के योगदान के सम्मान के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी तथा भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे।
मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू भी शामिल होंगे। इसके अलावा रायपुर की महापौर मीनल चौबे, भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रहेगी।
अरुण साव ने कांग्रेस पर साधा निशाना
संविधान गौरव दिवस के आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न के पात्र थे, लेकिन कांग्रेस सरकारों ने उन्हें यह सम्मान नहीं दिया। साव ने दावा किया कि भाजपा समर्थित सरकार बनने के बाद उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब के योगदान को कमतर आंकने का प्रयास किया और उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि जो दल संविधान निर्माता का सम्मान नहीं कर सका, उसे संविधान के सम्मान पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है।
