Kartik Purnima 2026: रायपुर में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार सुबह महादेव घाट पहुंचे और खारुन नदी में पवित्र स्नान किया। हर साल की तरह इस बार भी उन्होंने परंपरागत अंदाज में गुलाटी लगाकर नदी में छलांग लगाई। स्नान के बाद उन्होंने हटकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
महादेव घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सुबह से ही महादेव घाट पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में लोग खारुन नदी में पवित्र स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन नदी में स्नान और भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए भूपेश बघेल भी महादेव घाट पहुंचे और विधि-विधान से पूजा की।
दीपदान कर मांगी प्रदेश की खुशहाली
पवित्र स्नान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने दीपदान किया और हटकेश्वर महादेव को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उनके महादेव घाट पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी रही।
https://x.com/bhupeshbaghel/status/2125045405801124128?a=JSlpyj_WyKTac71QaPs&s=20
3 दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले की शुरुआत
महादेव घाट रायपुर का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां कार्तिक पूर्णिमा सहित अन्य प्रमुख पर्वों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां तीन दिवसीय मेले का भी आयोजन शुरू हो गया है, जिसमें धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक और पारंपरिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

