CG Diwali Crime Report: दीपावली त्योहार के दौरान रायपुर ग्रामीण पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था का असर देखने को मिला है। धनतेरस से लेकर मातर पर्व तक पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अपराधों में कमी दर्ज की गई। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस त्योहारी सीजन में ग्रामीण क्षेत्रों में हत्या और लूट जैसी गंभीर वारदातें नहीं हुईं। (रायपुर दीपावली अपराध आंकड़े)
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में दीपावली के दौरान रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में कुल 105 आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे। वहीं, वर्ष 2026 में यह संख्या घटकर 83 रह गई। अपराधों की श्रेणी में भी कई मामलों में कमी दर्ज की गई है।
बलवा और मारपीट के मामलों में भी गिरावट (Raipur Diwali Crime Report)
पुलिस की सख्ती के चलते असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण रहा। पिछले वर्ष दीपावली के दौरान बलवा के 3 मामले सामने आए थे, जबकि इस बार यह संख्या घटकर 1 रह गई।
वहीं, मारपीट और चोट पहुंचाने के मामलों में भी कमी आई है। वर्ष 2025 में ऐसे 86 मामले दर्ज हुए थे, जबकि वर्ष 2026 में यह आंकड़ा घटकर 82 रहा।
विधानसभा अनुविभाग में अपराधों में सबसे ज्यादा कमी
अपराध नियंत्रण के मामले में विधानसभा अनुविभाग का प्रदर्शन बेहतर रहा। विधानसभा, खरोरा, तिल्दा-नेवरा और धरसींवा थाना क्षेत्रों में पिछले साल की तुलना में अपराधों में बड़ी कमी दर्ज की गई।
इन क्षेत्रों में वर्ष 2025 में हत्या के प्रयास, बलवा, लूट और चोट पहुंचाने के कुल 54 मामले दर्ज हुए थे। वहीं, इस वर्ष यह संख्या घटकर 32 रह गई।
नवा रायपुर अनुविभाग में स्थिति स्थिर
नवा रायपुर अनुविभाग के थानों में इस साल अपराधों की कुल संख्या पिछले वर्ष के बराबर रही, लेकिन अपराधों की प्रकृति में बदलाव देखने को मिला। पुलिस के अनुसार, गंभीर अपराधों पर नियंत्रण बनाए रखा गया।
माना अनुविभाग में बढ़े कुछ मामले
माना अनुविभाग के कुछ थाना क्षेत्रों में अपराधों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले वर्ष मंदिर हसौद और आरंग क्षेत्र में चोट पहुंचाने के 13 मामले सामने आए थे।
वर्ष 2026 में सिलतरा में 1, मंदिर हसौद में 12 और आरंग में 12 मामले दर्ज किए गए। इस तरह इन क्षेत्रों में पिछले वर्ष की तुलना में अपराधों की संख्या में वृद्धि हुई है।
पुलिस की निगरानी से बनी बेहतर स्थिति
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग, जांच और निगरानी अभियान चलाया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिसका असर अपराधों में कमी के रूप में सामने आया है।



