CG Accident: बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक व्यक्ति और उसका 8 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का सिम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रिस्दा गांव निवासी 40 वर्षीय सोमनाथ श्रीवास खेती-किसानी का काम करते थे। गांव के राकेश यादव के 8 वर्षीय बेटे शौर्य की तबीयत खराब होने पर राकेश ने सोमनाथ से उसे इलाज के लिए बिलासपुर ले जाने का अनुरोध किया था। सोमनाथ अपनी बाइक से राकेश और शौर्य को डॉक्टर के पास लेकर गए थे।
इलाज कराने के बाद सोमवार शाम तीनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मस्तूरी क्षेत्र में सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे सोमनाथ हाईवा के पहियों के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठे राकेश यादव और मासूम शौर्य सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें सिम्स में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने भीड़ हटाकर सामान्य कराया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने सोमनाथ श्रीवास का शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, दुर्घटना के जिम्मेदार हाईवा चालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

