Raipur News: रायपुर के एमजी रोड पर रात में लगने वाली चौपाटियों के संचालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ने सख्त नियम तय किए हैं। नए निर्देशों के अनुसार अब चौपाटियां केवल रात 9 बजे से सुबह 1 बजे तक ही संचालित की जा सकेंगी। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही ठेले और अस्थायी खाद्य स्टॉल लगाने की अनुमति होगी।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए बनाए गए नियम
यातायात सभागार में ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम, एमजी रोड व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि चौपाटियों के कारण जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और गंदगी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं समस्याओं को दूर करने के लिए नए नियम लागू किए गए हैं।
स्थायी दुकानदारों पर नहीं बना सकेंगे दबाव
बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने स्पष्ट किया कि कोई भी चौपाटी संचालक स्थायी दुकानदारों पर समय से पहले दुकान बंद करने का दबाव नहीं बना सकेगा। संबंधित दुकान का शटर बंद होने के बाद ही उसके सामने चौपाटी लगाई जा सकेगी।
सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने पर रोक
नए नियमों के तहत सड़क या फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल लगाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा चौपाटी संचालकों को ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की अलग से व्यवस्था करनी होगी। मुख्य सड़क या यातायात प्रभावित करने वाले स्थानों पर वाहन खड़े कराने पर कार्रवाई की जाएगी।
सफाई और कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी भी तय
चौपाटी संचालकों को अपनी दुकान और आसपास के क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित करनी होगी। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। चौपाटी बंद होने के बाद पूरे क्षेत्र की सफाई करनी होगी और सड़क, नाली या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की अनुमति नहीं होगी।
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस संयुक्त रूप से चौपाटियों की नियमित निगरानी करेंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लगातार शिकायत मिलने पर संबंधित चौपाटी को स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है।



