CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दिनों में तीन जिलों से 884 किलो 410 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 5 करोड़ 92 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने कांकेर, केशकाल और जगदलपुर में कार्रवाई करते हुए कई तस्करों को पकड़ा है।
पिकअप से मिला 2.38 करोड़ का गांजा
जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने 5 नवंबर को पिकअप वाहन से 476 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया। इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश जा रहे थे। तस्कर पिकअप वाहन की बाइक से निगरानी करते हुए आगे चल रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक सवार आरोपियों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
जानकारी के मुताबिक, बोधघाट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप वाहन (CG 17 KL 0411) में गांजा भरकर कुछ लोग ओडिशा से कुरंदी होते हुए जगदलपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने ग्राम अड़ावाल स्थित रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवक पिकअप वाहन की निगरानी करते हुए पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
15 बोरियों में मिला 476 किलो गांजा
पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी 15 बोरियों से 476 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, गांजे को छोटे-छोटे बंडलों में पैक किया गया था, ताकि जांच के दौरान शक न हो। पूछताछ में आरोपी गांजे के परिवहन और बिक्री से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
ओडिशा के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस ने भगवान पांगी, घासी खिलो, चित्रसेन गल्लोरी, रोहणी गल्लोरी सहित तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस ने गांजे के अलावा पिकअप वाहन, बाइक, 6 मोबाइल फोन और 1500 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
कांकेर और केशकाल में भी हुई कार्रवाई
इससे पहले कांकेर के गढ़िया पहाड़ के पास पुलिस ने गांजे की 70 बोरियां बरामद की थीं। इनकी कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपए बताई गई थी। वहीं केशकाल में कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा जब्त किया गया था, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख रुपए आंकी गई।
कांकेर में तस्कर पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही गांजा छोड़कर फरार हो गए थे। वहीं केशकाल मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के मुताबिक, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए जांच की जा रही है।




