CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के कांकेर और केशकाल में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपए का गांजा जब्त किया है। कांकेर में पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही तस्कर गांजे की बोरियां पहाड़ के पास फेंककर फरार हो गए। वहीं, केशकाल पुलिस ने कार की डिक्की में छिपाकर ले जाया जा रहा 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद कर राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला – पहाड़ के पास मिला 1.50 करोड़ का गांजा
कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिगारभाट स्थित गढ़िया पहाड़ के पास पुलिस ने लावारिस हालत में गांजे की 70 बोरियां बरामद की हैं। बरामद गांजे का वजन 2 क्विंटल 80 किलो है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, तस्कर ओडिशा से विश्रामपुरी और केशकाल के रास्ते कांकेर पहुंचे थे। गांजा तस्करी की सूचना मिलने के बाद केशकाल और कांकेर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की थी।
घेराबंदी की भनक लगते ही भागे तस्कर
बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही तस्कर गांजे की बोरियां गढ़िया पहाड़ के पास छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गांजा जब्त कर जांच शुरू कर दी।
कांकेर पुलिस के अनुसार, तस्करी में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों की पहचान कर ली गई है। वहीं, एक वाहन चालक को भी चिह्नित किया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
दूसरा मामला – कार से मिला 2 करोड़ से ज्यादा का गांजा
केशकाल पुलिस ने सूचना के आधार पर एक कार की तलाशी ली, जिसमें 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, गांजे को 78 पैकेट में भरकर कार की ड्राइवर सीट के पीछे और डिक्की में टेप से छिपाकर रखा गया था। पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम दीपक कुमार माली उम्र 31 वर्ष निवासी राजस्थान बताया।
कार में मिली अतिरिक्त नंबर प्लेट
तलाशी के दौरान पुलिस को कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिली। इस पर RJ-23-UB-8472 लिखा हुआ था। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और 1,100 रुपए नकद भी बरामद किए हैं।
आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
पुलिस ने गांजा, कार, मोबाइल और अन्य सामान समेत कुल 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपए की संपत्ति जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




