Raipur Murder: रायपुर में बुधवार शाम दिनदहाड़े 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुरानी रंजिश के चलते 3 नाबालिगों ने युवक पर उस समय हमला किया, जब वह अपने परिवार के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर निकल रहा था। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान अश्विनी नगर, पुरानी बस्ती निवासी सावन सेन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे सावन अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ माना बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था। वहां एक पुराने हत्या के मामले में निरुद्ध अपचारी से मुलाकात करने के बाद जैसे ही वह बाहर निकला, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की देवार बस्ती के रहने वाले तीन नाबालिगों ने उसे घेर लिया।
परिजनों के सामने किया चाकू से हमला
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों ने परिजनों की मौजूदगी में सावन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 और माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीनों नाबालिग अभिरक्षा में
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


