CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रदेश में दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने करीब 4.88 करोड़ रुपए का गांजा जब्त किया है। कांकेर में पुलिस की घेराबंदी की भनक लगने पर तस्कर 2 क्विंटल 80 किलो गांजा गढ़िया पहाड़ के पास छोड़कर फरार हो गए।
वहीं, केशकाल पुलिस ने कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद कर राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
कांकेर में गांजे के 70 पैकेट बरामद
कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिगारभाट स्थित गढ़िया पहाड़ के पास पुलिस ने लावारिस हालत में गांजे के 70 पैकेट बरामद किए। जब्त गांजे का वजन 2 क्विंटल 80 किलो बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपए है।
पुलिस के अनुसार, तस्कर ओडिशा से विश्रामपुरी और केशकाल के रास्ते कांकेर पहुंचे थे। गांजा तस्करी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की थी।
घेराबंदी की भनक लगते ही भागे तस्कर
बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगने के बाद तस्कर गांजे के पैकेट सुनसान जगह पर फेंककर फरार हो गए। सूचना मिलने पर कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची और गांजे को जब्त कर लिया।
कांकेर एसडीओपी हरीश पाटिल ने बताया कि पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की जांच के दौरान गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों की पहचान कर ली गई है। वहीं, एक कार चालक को भी चिन्हित किया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
केशकाल में कार से 407 किलो गांजा जब्त
दूसरे मामले में केशकाल पुलिस ने एक कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में राजस्थान निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से गांजे के अलावा कार, मोबाइल और नकदी भी जब्त की है। कार में छिपाकर रखी गई एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिली है, जिस पर आरजे-23-यूबी-8472 लिखा हुआ था।
पुलिस ने जब्त की करोड़ों की संपत्ति
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से रेडमी मोबाइल फोन और 1 हजार 100 रुपए नकद मिले हैं। गांजा, कार, मोबाइल और अन्य सामान समेत कुल 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त गांजा कहां से लाया गया था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।



