CG News: गरियाबंद जिले में स्कूली विद्यार्थियों को अब स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) लेने के लिए बार-बार स्कूलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शासन के निर्देशानुसार जिले में टीसी जारी करने की प्रक्रिया को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जा रहा है। इस नई व्यवस्था से आवेदन करने से लेकर प्रमाण पत्र मिलने तक की प्रक्रिया आसान और सुविधाजनक होगी।
विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के स्कूलों के प्राचार्यों को इस व्यवस्था के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में ऑनलाइन आवेदन, आवेदन के परीक्षण और टीसी जारी करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में दी गई ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी
कलेक्टर रणबीर शर्मा की उपस्थिति में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में ई-जिला प्रबंधक मिथिलेश कुमार देवांगन ने जिले के प्राचार्यों को सेवा सेतु पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निराकरण और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन टीसी जारी करने के संबंध में विस्तार से समझाया।
नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थी या उनके अभिभावक अपने नजदीकी किसी भी सेवा सेतु केंद्र में जाकर स्थानांतरण प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित विद्यालय आवेदन की जांच करेगा और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऑनलाइन माध्यम से टीसी जारी की जाएगी।
दूसरे स्थान पर जाने वाले परिवारों को मिलेगा लाभ
नौकरी, व्यवसाय या अन्य कारणों से दूसरे स्थान पर जाने वाले परिवारों के बच्चों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी। पहले टीसी लेने के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को कई बार स्कूल जाना पड़ता था, लेकिन अब ऑनलाइन व्यवस्था से समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने प्राचार्यों को नई व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सेवाओं का लाभ विद्यार्थियों और अभिभावकों तक आसानी से पहुंचना चाहिए।

