CG Murder: जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कुदरी स्थित हसदेव नदी के बैराज के पास बुधवार सुबह एक युवक का शव पानी में तैरता मिला। सुबह टहलने पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान चांपा वार्ड क्रमांक 22 निवासी कृष्णा साहू के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सुबह घूमने पहुंचे ग्रामीणों ने देखा शव
सरपंच पति आरके यादव के अनुसार, बुधवार सुबह कुछ ग्रामीण बैराज के पास घूमने गए थे। इसी दौरान उन्होंने पानी में एक युवक का शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। इसके बाद चांपा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस ने मौके पर मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, लेकिन पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल, चांपा भेज दिया गया। पहचान के लिए मृतक की तस्वीर आसपास के सभी थाना क्षेत्रों में भेजी गई और गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई गई।
हत्या की आशंका
बाद में मृतक की पहचान कृष्णा साहू निवासी चांपा वार्ड क्रमांक 22 के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह ठेला लगाकर अपना जीवनयापन करता था। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पानी में फेंके जाने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


