Raipur News: रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार सुबह चौकीदार दिनेश यादव (50) का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, दिनेश यादव शनिवार सुबह करीब 6:50 बजे तक परिसर में मौजूद थे। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे उनका शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई की।
जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिनेश यादव पर 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज होने की चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने अभी आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

