CG Loot: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सराफा कारोबारी से करीब 50 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है। मंगलवार को कारोबारी साप्ताहिक बाजार से बाइक पर सोना-चांदी और नकदी से भरा बैग लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार 6 बदमाशों ने ग्राम दुर्जनपुर में मंदिर के पास उन्हें रोककर मारपीट की और बैग लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित कारोबारी ने तरेगांव जंगल थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। लूट के दौरान बदमाश बैग लेकर भाग निकले, जबकि बैग का पट्टा कारोबारी के हाथ में ही रह गया। कारोबारी के अनुसार, बैग में करीब 15 किलो चांदी के गहने, 10 से 15 ग्राम सोने के आभूषण और 1.50 लाख रुपए नकद रखे थे।
बाजार से लौटते समय बदमाशों ने बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, कारोबारी वेदप्रकाश सोनी अपने साथी नरेंद्र पाटस्कर के साथ दलदली के साप्ताहिक बाजार से शाम करीब 5:35 बजे निकले थे। शाम 6 बजे उन्होंने थाने को पार किया।
इसके करीब एक घंटे बाद ग्राम दुर्जनपुर में मंदिर के पास दो बाइक पर सवार 6 बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने कारोबारी के साथ मारपीट कर ज्वेलरी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
बैग में थे लाखों के गहने और नकदी
वेदप्रकाश सोनी ने पुलिस को बताया कि लूटे गए बैग में करीब 15 किलो चांदी के गहने, 10 से 15 ग्राम सोने के गहने और 1.50 लाख रुपए नकद थे। कारोबारी ने लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई है।
जांच में जुटी 4 थानों की टीम
घटना की सूचना मिलते ही कबीरधाम पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने साइबर टीम सहित चार थानों की टीम को जांच में लगाया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
एसडीओपी अखिलेश कौशिक ने बताया कि लूट की घटना को लेकर पुलिस कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


