Raipur News: रायपुर के लाभांडी स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में देर रात 40 वर्षीय पूर्णेश यादव का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया था। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन फॉरेंसिक जांच और शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत छत से गिरने के कारण होने की बात सामने आई है।
पुलिस को आशंका है कि पूर्णेश साड़ियों के सहारे बालकनी से नीचे उतरने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया। घटनास्थल पर दीवार में पैरों के निशान और बालकनी से पहली मंजिल तक लटकती हुई दो साड़ियां मिली हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूर्णेश यादव अपनी पत्नी हेमिन यादव के साथ बीएसयूपी कॉलोनी में रहता था। उसने काम करना छोड़ दिया था, जबकि उसकी पत्नी एक निजी अस्पताल में नौकरी करती है। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 14 और 16 साल है। दोनों बच्चे गांव में दादा-दादी के साथ रहते हैं।
दरवाजा बंद कर बालकनी से उतरने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8.30 बजे पूर्णेश ने पत्नी हेमिन को घर से बाहर निकालकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। हेमिन काफी देर तक बाहर बैठी रही, लेकिन रात करीब 10.30 बजे तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद वह पास में रहने वाले रिश्तेदार के घर जाकर सो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूर्णेश ने घर के पीछे स्थित बालकनी में दो साड़ियां बांधकर नीचे उतरने की कोशिश की होगी। साड़ियां पहली मंजिल तक पहुंच रही थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। हालांकि, वह बालकनी से नीचे क्यों उतर रहा था, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पत्नी को घर से निकाल देता था
पुलिस के अनुसार, पूर्णेश और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। झगड़े के बाद वह पत्नी को घर से बाहर निकाल देता था, लेकिन बाद में वह वापस आ जाती थी।
प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पूर्णेश का काम नहीं करना और शराब पीना बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।




